धुरंधर की कामयाबी के बाद अब रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2, 19 मार्च को रिलीज हो रही है। अब इस फिल्म में डायरेक्टर आदित्य धर की पत्नी और एक्ट्रेस यामी गौतम की भी एंट्री हो चुकी है। यामी फिल्म में कैमियो करेंगे, लेकिन उनका किरदार कहानी का अहम हिस्सा होगा। हाल ही में आई पिंकविला की रिपोर्ट में फिल्म धुरंधर 2 से जुड़े करीबी सूत्र के हवाले से बताया गया है कि यामी गौतम धुरंधर 2 में कैमियो कर रही हैं। उन्होंने अपने हिस्से की 5 दिनों की शूटिंग भी पूरी कर ली है। वो इस फिल्म में जबरदस्त एक्शन करती नजर आने वाली हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यामी गौतम फिल्म में सरप्राइज एलिमेंट की तरह होंगी, जिनका किरदार कहानी में नया मोड़ लाएगा। हालांकि अब तक मेकर्स की तरफ से यामी के फिल्म में जुड़ने की कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की गई है। फिल्म धुरंधरः द रिवेंज से पहले यामी गौतम फिल्म हक से चर्चा में थीं। ये फिल्म साल 2025 में रिलीज हुई थी, जिसमें यामी के साथ इमरान हाशमी लीड रोल में थे। फिल्म में यामी ने मुस्लिम महिलाओं की हक की लड़ाई लड़ने वालीं शाहबानों का दमदार किरदार निभाया था। फिल्म के लिए एक्ट्रेस को काफी सराहना मिली थी। पहले पार्ट से पहले पेड पीआर पर भड़की थीं एक्ट्रेस फिल्म धुरंधर के पहले पार्ट की रिलीज से पहले यामी गौतम ने पेड पीआर और नेगेटिव पीआर का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि फिल्मों को प्रमोट करवाने के नाम पर लोगों को पैसे देकर तारीफ करवाई जाती है। और अगर पैसे न दिए जाएं तो कुछ लोग फिल्म रिलीज होने से पहले ही बुरा लिखते रहते हैं, और यह किसी तरह की जबरदस्ती वसूली जैसा लगता है। यामी के मुताबिक यह चलन इंडस्ट्री के भविष्य को नुकसान पहुंचा सकता है। जो लोग इसे “नया नॉर्मल” मानकर हल्के में ले रहे हैं, वे गलत हैं, क्योंकि आगे चलकर यह सबको नुकसान देगा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में सफलता के नाम पर जो कुछ भी हुआ है, अगर उसकी सच्चाई सामने आई तो तस्वीर बहुत अच्छी नहीं होगी। यामी ने यह भी लिखा कि साउथ इंडस्ट्री में ऐसा इसलिए नहीं हो पाता क्योंकि वहां लोग एकजुट रहते हैं। उन्होंने प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और एक्टर्स से अपील की कि वे मिलकर इस गलत परंपरा को रोकें। उन्होंने कहा कि वह यह बात एक ईमानदार फिल्ममेकर की पत्नी होने के नाते कह रही हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, सोच और टीम के साथ ऐसी फिल्म बनाई है जिस पर भारत को गर्व होगा। 19 मार्च को रिलीज होगी धुरंधर 2, टॉक्सिक से होगा क्लैश फिल्म धुरंधर 2 यानी धुरंधरः द रिवेंज 19 मार्च को रिलीज हो रही है। फिल्म का टीजर 3 फरवरी को जारी किया जा चुका है। इस फिल्म का क्लैश केजीएफ स्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म टॉक्सिक से होने वाला है। दोनों ही फिल्में एक साथ 19 मार्च को रिलीज हो रही हैं। हिंदी सिनेमा के इतिहास की हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म है धुरंधर 5 दिसंबर को रिलीज हुई फिल्म धुरंधर साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही। साथ ही फिल्म ने कई बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड कायम किए। ये फिल्म हिंदी बेल्ट में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली है। वहीं ये बॉलीवुड के इतिहास की वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है।


