लुधियाना| वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) प्रोजेक्ट में मोटे मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर थाना जमालपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता निर्मल जीत सिंह निवासी बाड़ेवाल अवाना, जी.के. स्टेट ने पुलिस को बताया कि उन्होंने इंटरनेट के जरिए हरियाणा की स्पीड कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग कंपनी के वर्मी कंपोस्ट प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी ली थी। इसके बाद आरोपियों ने उनसे संपर्क किया और दावा किया कि वे प्लांट लगाकर देंगे। साथ ही माल भी कंपनी की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि इस प्रोजेक्ट से हर महीने 30 हजार से लेकर 1 लाख तक की तय कमाई होगी और तैयार माल कंपनी खुद खरीद लेगी। बिना जोखिम के मुनाफे के झांसे में आकर निर्मल जीत सिंह ने कुल 7 लाख 70 हजार रुपए निवेश कर दिए। लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद न तो प्रोजेक्ट का कोई सामान मिला और न ही रकम वापस की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, बार-बार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। जांच के बाद थाना जमालपुर पुलिस ने आरोपी संजय कुमार साह, जतिंदर कुमार साह और सुरिंदर कुमार साह, तीनों निवासी करनाल (हरियाणा) के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।


