जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की विवेक विहार थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पंजाब के एक व्यापारी ने इंडस्ट्रियल ऑयल टैंकर से माल चोरी कर दूसरों को बेचने को लेकर रिपोर्ट दी थी। मामले में पुलिस ने मौके से एक टैंकर को भी जब्त किया था। उसको लेकर अब मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में सुभाष (32) पुत्र आईदान राम निवासी सोउ कि ढाणी, हिंगोली, राजेन्द्र (24) गुर्जर पुत्र शम्भुराम निवासी डिग्सी पुलिस थाना गेडोली जिला बुन्दी, रावलराम (42) पुत्र देवाराम निवासी गोदारो कि ढाणी हिंगोली, दीन मोहम्मद (45) पुत्र हसम भाई जाति हिंगगोरजा निवासी आडेसर जिला कच्छ भुज गुजरात, अरवाज (20) भाई पुत्र दीन मोहम्मद निवासी आडेसर पुलिस थाना आडेसर जिला कच्छ भुज गुजरात को गिरफ्तार किया है। ये था मामला आरोपियों के खिलाफ मलेरकोटला संगरूर के व्यापारी चेतन जैन ने मामला दर्ज करवाया था। बताया कि उनकी फार्म चेतन ऑयल एंड केमिकल के जरिए कांडला पोर्ट गांधीधाम से इंडस्ट्रियल तेल मंगवाया जाता है। जिसे उसकी कंपनी के जरिए पंजाब के इंडस्ट्री इलाकों में सप्लाई किया जाता है। 18 फरवरी को राधे माधव ट्रेड गांधीधाम गुजरात से 27 हजार 230 किलो इंडस्ट्रीयल तेल जिसकी राशि करीब 13 लाख 25420 रुपए है। उसे टैक्स इनवॉइस जय गिरनारी रोड लाइंस ट्रांसपोर्ट सेक्टर 91 खोडियार चैंबर गांधीधाम कछ से मलेरकोटला संगरूर के लिए टैंकर से रवाना किया गया था। इस इंडस्ट्रियल तेल को पंजाब में उनकी फर्म तक सप्लाई किया जाना था लेकिन, आरोपी टैंकर ड्राइवर ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विवेक विहार थाना क्षेत्र के मोगड़ा खुर्द इलाके में इंडस्ट्रियल तेल दूसरे टैंकर में शिफ्ट कर दिया था। हालांकि इसका पता चलने पर पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया था। अब इस मामले में व्यापारी की ओर से रिपोर्ट दी गई है। जिसमें पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी से पूछताछ की जा रही है।


