भास्कर न्यूज | धमतरी टोल टैक्स से बचने और लोगों पर दबाव बनाने के इरादे से नकली सीआईडी अफसर बनकर घूम रहे एक युवक का भांडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने आरोपी से फर्जी आईडी कार्ड और नेशनल क्राइम कंट्रोल का एक बोर्ड जब्त किया है।
टीआई राजेश मरई ने बताया कि 21 फरवरी को आमा तालाब रोड पर श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति अपनी स्कॉर्पियो (क्रमांक सीजी 05 एयू-6136) में नेशनल क्राइम कंट्रोल संगठन का लोगो और वाइस प्रेसीडेंट सीजी नेशनल क्राइम कंट्रोल लिखा हुआ बोर्ड लगाकर चल रहा था। वह खुद को सीआईडी अधिकारी बताते हुए आम जनता पर धौंस जमा रहा था। सूचना पर उसे मौके से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर से 2 फर्जी आईडी कार्ड जब्त किया है, एक पर क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट व दूसरे में क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिटेक्टिव लिखा है । इन कार्डों में उसने खुद को नेशनल ऑफिसर बताया था। दस्तावेज मांगने पर नोटिस दिए जाने के बावजूद वह कोई वैध आदेश प्रस्तुत नहीं कर पाया। पुलिस ने उससे नेशनल क्राइम कंट्रोल ओआरजी लिखा एक बोर्ड, एक स्कॉर्पियो वाहन व 2 मोबाइल जब्त किया है । पुलिस पूछताछ में टिकेश्वर नरेटी ने स्वीकार किया कि उसने सितंबर 2025 में कुछ लोगों की मदद से ये फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे। वह समय-समय पर ऑनलाइन भुगतान के जरिए इनकी वैधता को बनाए रखता था। उसने यह भी स्वीकारा कि टोल टैक्स से बचने और कुछ अन्य जगहों पर प्रभाव जमाने के लिए इन कार्डों और बोर्ड का उपयोग करता था। पुलिस ने टिकेश्वर के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।


