धौलपुर के किसानों को नहीं मिली बाढ़ राहत राशि:कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आर्थिक सहायता की मांग की

धौलपुर के राजाखेड़ा तहसील के शकरपुरा और मेंहदपुरा क्षेत्र के किसानों ने चंबल नदी में आई बाढ़ से हुए फसल नुकसान की राहत राशि अब तक नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। इस संबंध में किसानों ने जिला कलेक्टर निधि बीटी को ज्ञापन सौंपकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। किसानों ने बताया कि उनका गांव चंबल नदी के डूब क्षेत्र में स्थित है। इस वर्ष आई बाढ़ के कारण खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई थीं। बाढ़ के बाद प्रशासन द्वारा गिरदावरी और सर्वे भी कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अब तक कोई राहत राशि नहीं मिली है। किसानों का कहना है कि आसपास के गांवों जैसे गडराई, भूड़ा, कठूमरी और घुरैयाखेड़ा सहित अन्य गांवों के किसानों को बाढ़ राहत के तहत आर्थिक सहायता दी जा चुकी है, जबकि शकरपुरा गांव के किसानों को इससे वंचित रखा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होंने पटवारी हल्का से संपर्क किया तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अधिकांश किसान पूरी तरह कृषि पर निर्भर हैं और फसल नष्ट होने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है। किसानों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि उनके मामले की जांच कर बाढ़ राहत के तहत शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *