धौलपुर के ‘नर्सिंग बाग महल’ में चलती है स्कूल:कभी था रियासत का सचिवालय, लाल बलुआ पत्थर से बनी है बिल्डिंग

राजस्थान अपनी गौरवशाली विरासत और स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध है। धौलपुर जिले में स्थित महाराणा सीनियर सेकेंडरी विद्यालय ऐसी ही एक ऐतिहासिक धरोहर है, जो कभी रियासतकाल में राजाओं का सचिवालय हुआ करती थी। यह इमारत आज भी धौलपुर के समृद्ध अतीत की कहानी बयां करती है। लाल बलुआ पत्थर से निर्मित यह भव्य भवन उस दौर का साक्षी है, जब धौलपुर रियासत के महत्वपूर्ण निर्णय यहीं से लिए जाते थे। इतिहासकार अरविंद कुमार शर्मा के अनुसार, इस भवन को मूल रूप से ‘नर्सिंग बाग महल’ के नाम से जाना जाता था। इसी भवन से लिए जाते थे कई अहम फैसले
इतिहासकार बताते हैं कि महाराज भगवंत सिंह के शासनकाल में नर्सिंग बाग महल को धौलपुर रियासत के सचिवालय में परिवर्तित किया गया था। इसी भवन से रियासत के प्रशासनिक और राजनीतिक फैसले लिए जाते थे, जिन्होंने राज्य के भविष्य को आकार दिया। बाद में केसर बाग महल और रानी पैलेस के निर्माण के बाद राजकीय सचिवालय को वहां स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद मुख्य निर्णय नए स्थानों से लिए जाने लगे। जिले का सबसे बड़ा स्कूल
रियासतकाल समाप्त होने के बाद, इस ऐतिहासिक भवन में जिले का सबसे बड़ा विद्यालय स्थापित किया गया। यह आज महाराणा सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के नाम से विख्यात है। इस विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर कई विद्यार्थियों ने प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्रों में उच्च पद हासिल कर धौलपुर का नाम रोशन किया है। ‘अधूरे ताजमहल’ का निर्माण भी हुआ था
इतिहासकारों के अनुसार, इसी विद्यालय परिसर में महाराणा भगवंत सिंह ने अपनी प्रिय गजरा की स्मृति में ‘अधूरे ताजमहल’ का निर्माण भी करवाया था। यह आज भी इतिहास के पन्नों में दर्ज एक अनूठी कहानी के रूप में जाना जाता है।
यह ऐतिहासिक इमारत धौलपुर के स्वर्णिम अतीत की गवाही देती है। विद्यालय के रूप में सक्रिय यह भवन न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि जिले की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक भी बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *