धौलपुर डीएसओ ऑफिस के बाहर प्रदर्शन:बाबू पर खाद्य सुरक्षा आवेदकों को परेशान करने का आरोप, कार्रवाई की मांग

धौलपुर में जिला रसद कार्यालय के बाहर सोमवार को लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में कार्यरत एक बाबू पर खाद्य सुरक्षा योजना से संबंधित कार्यों में आमजन को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने बाबू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वे खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने के लिए कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि बाबू उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं देते। बसेड़ी और सरमथुरा जैसे दूरदराज के क्षेत्रों से आए लोगों ने बताया कि वे पांच से छह बार कार्यालय आ चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें कोई न कोई कारण बताकर वापस भेज दिया जाता है। आरोप है कि संबंधित बाबू, जिनका नाम अकबर बताया जा रहा है, कंप्यूटर पर बैठकर ठीक से बातचीत नहीं करता और न ही प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देता है। आवेदकों को बार-बार अलग-अलग दस्तावेजों के नाम पर उलझाया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गरीब और जरूरतमंद परिवार खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने के लिए दूर-दूर से आते हैं। कई लोग अपनी दिहाड़ी मजदूरी छोड़कर कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन काम नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *