सवाई माधोपुर में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित 20वें भरतपुर रेंज पुलिस गेम्स एवं ड्यूटी मीट-2025 में धौलपुर पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। धौलपुर की टीमों ने प्रतियोगिता के 7 में से 6 मेजर गेम्स में जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किए। धौलपुर पुलिस ने कबड्डी, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन जैसी प्रमुख स्पर्धाओं में विजेता ट्रॉफियां जीतीं। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन और टीम भावना की सराहना की गई।
समापन समारोह में भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस कैलाश चंद्र विश्नोई ने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उत्साह व अनुशासन की प्रशंसा की। धौलपुर पुलिस की इस सफलता पर एएसपीक वैभव शर्मा और एएसपी एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ ने भी हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। धौलपुर पुलिस की इस उपलब्धि से जिले में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की विभिन्न स्तरों पर सराहना की जा रही है।


