धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार पति की मौत हो गई। उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा मनियां कस्बे में क्रॉसिंग के दौरान हुआ। एक ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में पिलुआ शाहपुरा निवासी दिनेश पुत्र सोरन और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी नीरज शर्मा ने बताया कि क्रॉसिंग के दौरान बाइक ट्रक की चपेट में आ गई थी। इस हादसे के बाद हाईवे-44 पर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।


