धौलपुर में एक दिन बाद मनाया धूलंडी पर्व:चंद्र ग्रहण के चलते उत्साह और उमंग के साथ हुआ आयोजन

धौलपुर जिले में धूलंडी का पर्व चंद्र ग्रहण के कारण एक दिन बाद मनाया गया। यह त्योहार आज पूरे उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। सुबह होते ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों की बौछार शुरू हो गई। लोगों ने गलियों, मोहल्लों और मुख्य बाजारों में एक-दूसरे को गुलाल और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। सुबह से ही शहर की सड़कों पर युवाओं की टोलियां ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकती नजर आईं। बच्चों ने रंग-बिरंगी पिचकारियों के साथ होली का आनंद लिया, वहीं बुजुर्गों ने पारंपरिक अंदाज में मिलकर एक-दूसरे को रंग लगाया। लोगों ने घर-घर जाकर गले मिलकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। होली के मद्देनजर जिला प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की थी। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके, इसके लिए जगह-जगह पुलिस की गश्त जारी रही। प्रशासन की सतर्कता के कारण पूरे जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर निवास पर भी होली महोत्सव का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों के साथ रंग खेलकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक गीत-संगीत के बीच रंगों का आदान-प्रदान हुआ और सभी ने मिलकर उत्सव का आनंद लिया। चंद्र ग्रहण के कारण सूतक लगने से धूलंडी का पर्व निर्धारित तिथि पर नहीं मनाया जा सका था। हालांकि, दूसरे दिन लोगों का उत्साह चरम पर था। पूरे जिले में रंग, उमंग और भाईचारे का संदेश देते हुए धूलंडी का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *