धौलपुर शहर में एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक व्यक्ति के खाते से लगभग 70 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार जोर का पुरा निवासी मुरारीलाल गुर्जर 14 फरवरी की रात करीब 8:20 बजे जगदीश टॉकीज के सामने स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने गए थे। एटीएम कक्ष में पहले से मौजूद दो अज्ञात व्यक्तियों ने जल्दबाजी का हवाला देकर पहले पैसे निकालने की बात कही। मुरारीलाल ने उन्हें पहले पैसे निकालने दिए। कुछ देर बाद जब मुरारीलाल ने अपना एटीएम कार्ड देखा तो वह गायब था और उसकी जगह कोई अन्य कार्ड पड़ा मिला। बाद में पता चला कि उनके बैंक खाते से लगभग 70 हजार रुपए की निकासी हो चुकी थी। इनमें से करीब 38 हजार रुपए के कपड़े आकाश कलेक्शन नामक दुकान से खरीदे गए थे। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध युवक कपड़े खरीदते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित के पास दुकान का बिल और बैंक स्टेटमेंट भी उपलब्ध है, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


