धौलपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त जन परिवादों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए जिला प्रशासन की ओर से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने विभिन्न स्थलों का खुद निरीक्षण किया। उन्होंने शिकायतों की तथ्यात्मक स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देकर समाधान सुनिश्चित कराया। अभियान के दौरान फोंदपुरा-नीम का खेड़ा निवासी महेश द्वारा अवैध विद्युत लाइन के संबंध में एक शिकायत प्रस्तुत की गई थी। कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां अवैध रूप से खींची गई विद्युत लाइन पाई गई।
कलेक्टर के निर्देश पर इस अवैध लाइन को तत्काल हटवा दिया गया। साथ ही, संबंधित विभाग को नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसी कड़ी में बाड़ी क्षेत्र के श्यामपुरा बसईडांग निवासी देवेंद्र ने रास्ते की मांग को लेकर एक परिवाद दिया था। जांच में सामने आया कि प्रस्तावित मार्ग खातेदारी भूमि से होकर गुजर रहा है। इस पर कलेक्टर ने परिवादी को विधिक प्रावधानों के तहत सक्षम न्यायालय में वाद दायर करने की सलाह दी, जिस पर परिवादी ने संतोष व्यक्त किया। वहीं मठ नीमखेड़ा निवासी लोकेन्द्र द्वारा सफाई व्यवस्था संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई थी। निरीक्षण के दौरान परिवादी मौके पर उपस्थित नहीं मिले, लेकिन उनके परिजनों ने बताया कि वर्तमान में नियमित सफाई हो रही है। कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदार को प्रतिदिन सफाई कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि राज्य स्तर से प्राप्त 67 असंतुष्ट परिवादों के निस्तारण के लिए एडीएम, एसडीएम एवं बीडीओ सहित संबंधित अधिकारियों द्वारा भी क्षेत्र में पहुंचकर जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए यह अभियान जारी रखने की बात कही है।


