धौलपुर जिले में मौसम में बदलाव लगातार जारी है। मकर संक्रांति पर निकली धूप के बाद बुधवार सुबह मौसम का मिजाज फिर से बिगड़ गया। बुधवार सुबह से ही जिले में कोहरा छाया रहा। कोहरे के साथ ओस की बूंदें गिरी। सुबह कोहरे के साथ आसमान में छाए बादलों ने लोगों को फिर एक बार कंपकंपा दिया। मकर संक्रांति पर्व पर सुबह से धूप निकली। जिसके बाद बुधवार की सुबह अचानक मौसम बदलने से लोग परेशान हो गए। सुबह के समय कोहरा छाया रहा। हाईवे और ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी रही। इसके साथ ही बादल छाए रहे। जिले में सर्दी के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली है। जिससे रबी की फसलों को फायदा हुआ है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर धौलपुर जिले में पूर्व में ही अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में जिले के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। बुधवार की तरह धौलपुर जिले में अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।


