राज्य सरकार के निर्देश पर घरेलू गैस सिलेंडरों के कॉमर्शियल यूज और कालाबाजारी रोकने के लिए धौलपुर जिले में एक विशेष अभियान चलाया गया। जिला रसद कार्यालय की टीम ने सघन जांच करते हुए चार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अनियमितता पाए जाने पर 7 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जिला रसद अधिकारी मणि खींची ने बताया कि जगदीश तिराहा स्थित शिवम मिष्ठान भंडार से पांच और न्यू अग्रवाल मिष्ठान भंडार से दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इन सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए किया जा रहा था। दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान आशीर्वाद होटल और बीकानेर मिष्ठान की भी पड़ताल की गई। यहां व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का उपयोग पाया गया, जो नियमों के अनुरूप था। इसके अतिरिक्त धौलपुर शहर स्थित शिवेन गैस सर्विस की भी जांच की गई, जहां अभिलेखों और वितरण व्यवस्था का परीक्षण किया गया। अधिकारी खीची ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए ही निर्धारित हैं। उनका व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसी किसी भी अनियमितता पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में प्रवर्तन अधिकारी गजेंद्र बाबू शर्मा और प्रवर्तन निरीक्षक जितेंद्र गोठवाल भी शामिल रहे।


