धौलपुर में घर में लगी आग, युवती झुलसी:सवा लाख की नकदी और घरेलू सामान जलकर हुआ खाक

धौलपुर जिले के सैंपऊ उपखंड के चितौरा गांव में मंगलवार शाम एक झोपड़ीनुमा मकान में आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में घर में रखा करीब 1 लाख 25 हजार रुपए नकद और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के दौरान एक युवती भी झुलस गई। गांव के बाहर सड़क किनारे बने इस मकान से आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने निजी संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। जानकारी के अनुसार लेखराज पुत्र जगदीश जाटव गांव से बाहर खेतों पर सड़क किनारे कच्चा मकान बनाकर रहते हैं। वह मार्बल लगाने का ठेकेदार हैं और मंगलवार सुबह काम पर निकले थे। पीड़ित लेखराज ने बताया कि उन्होंने मजदूरों को भुगतान करने के लिए 2 दिन पहले किसी से यह रकम ली थी, जो घर पर ही रखी थी। नकदी सहित सामान जलने से उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है। घटना के बाद घर पर पहुंचे उनके रिश्तेदार पुरुषोत्तम ने बताया कि लेखराज का एक बच्चा परीक्षा देकर स्कूल से लौटा था और घर के अंदर सो गया था। गनीमत रही कि लोगों ने उसे जगाकर समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। वहीं, आग बुझाने के प्रयास में लेखराज की 19 साल की बेटी सुमन झुलस गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *