धौलपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बच्ची को कुचला:घर के बाहर खेल रही मासूम की मौत, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र की मोहन कॉलोनी में सोमवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में घर के बाहर खेल रही मासूम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार जोया पुत्री फिरोज (6) अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान मिट्टी से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली गली से होकर गुजरी। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे वह ट्रॉली के नीचे आ गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही बालिका ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ सहित निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, दुर्घटना में प्रयुक्त मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गली संकरी होने के बावजूद ड्राइवर तेज गति से वाहन चला रहा था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवासीय क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम जोया परिवार की इकलौती बेटी बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *