धौलपुर में बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के बिजौली गांव के पास शनिवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि सड़क किनारे खड़े दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सरमथुरा निवासी जीतू (28) पुत्र रामप्रसाद के रूप में हुई है। वह बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। बिजौली गांव के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
इस टक्कर की चपेट में सड़क किनारे खड़े दीपू और गोलू भी आ गए, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने गंभीर रूप से घायल जीतू को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान जीतू ने दम तोड़ दिया। दोनों घायल दीपू और गोलू का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


