धौलपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड चौकी क्षेत्र में पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही ड्राइवर घबरा गया और वाहन को तेज रफ्तार में भगा ले गया। हाउसिंग बोर्ड चौकी पर नियमित चेकिंग अभियान चल रहा था। पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकने का इशारा किया। पुलिस की घेराबंदी देख ड्राइवर ने वाहन को बेकाबू गति से दौड़ाना शुरू कर दिया। तेज रफ्तार और ओवरलोड होने के कारण पत्थरों से भरी ट्रॉली अचानक पलट गई। घटना के तुरंत बाद ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकला था।
हाउसिंग बोर्ड चौकी प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस ने पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। वाहन के नंबर के आधार पर फरार ड्राइवर की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।


