धौलपुर में शहर के मचकुंड रोड स्थित सौ फीट रोड के पास एक पोखर में मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोखर में पानी का स्तर अधिक होने के कारण एक छोटा मगरमच्छ पानी की सतह के पास घूम रहा था। इसी दौरान पानी पीने आई एक गाय पर मगरमच्छ ने अचानक झपट्टा मार दिया। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर गाय वहां से भागने में सफल रही और एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासी निजामुद्दीन पहलवान ने बताया कि मगरमच्छ काफी देर तक पोखर के किनारे मंडराता रहा। उन्होंने आशंका जताई कि यदि इसे समय रहते नहीं पकड़ा गया, तो किसी भी दिन बड़ी अनहोनी हो सकती है, क्योंकि क्षेत्र में बच्चों और पशुओं की आवाजाही अधिक रहती है। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक कोई अधिकारी या रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर किसी उपयुक्त जलाशय में छोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र में भय का माहौल समाप्त हो सके। फिलहाल, लोग पोखर के आसपास जाने से बच रहे हैं और प्रशासन से त्वरित कदम उठाने की अपील कर रहे हैं।


