धौलपुर में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से केंद्रीय बजट—2026 पर एक महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। यह सम्मेलन हनुमानजी मंदिर, पुराना रिसाला के प्रांगण में हुआ। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ के निर्देशानुसार यह आयोजन किया गया। सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर राजावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि जिला संयोजक कल्पना शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को केंद्रीय बजट की प्रमुख योजनाओं और उनके प्रभावों के बारे में जागरूक करना था। जिला अध्यक्ष राजावत ने केंद्रीय बजट की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग के सशक्तिकरण पर केंद्रित है।
जिला संयोजक कल्पना शर्मा ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि ये योजनाएं महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। कल्पना शर्मा ने विशेष रूप से बजट में प्रत्येक जिले में एक महिला छात्रावास स्थापित किए जाने की घोषणा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। सम्मेलन में कोषाध्यक्ष कमलेश सेन, ज्योति शर्मा, नेहा राघव, नर्मदा जी, रजनी जी, अनुपमा जी, नीमा जी, अनीता सिकरवार, रेनू सक्सेना, चंद्रकांता, मालती राठौर, लक्ष्मी, वर्मा देवी, सीमा सिकरवार सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन शिप्रा गर्ग ने किया और सहसंयोजक शशि त्यागी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।


