धौलपुर में सदर थाना क्षेत्र के मसूदपुर सरानी खेड़ा गांव निवासी शांति पत्नी गिर्राज का बाजार से लौटते समय रास्ते में बैग गिर गया। इस बैग में करीब 1 लाख रुपए की नकदी, चांदी की पायजेब, सोने की बाली और एक मोबाइल फोन था। घटना का पता चलते ही महिला ने तुरंत साइबर पुलिस को सूचना दी। महिला शांति ने बताया कि वह बाजार से आवश्यक सामान खरीदकर गांव लौट रही थी। बाड़ी हाईवे पर कहीं उसका बैग गिर गया। घर पहुंचने पर जब बैग नहीं मिला, तो उसने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने तत्काल साइबर सेल से संपर्क कर मदद मांगी। साइबर सेल ने दिखाई सक्रियता
सूचना मिलते ही साइबर सेल प्रभारी नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू की। टीम में कॉन्स्टेबल हरवेंद्र सिंह और नीलेंद्र भी शामिल थे। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर संभावित स्थानों की तलाश की गई। सड़क किनारे नाले में गिरा मिला बैग
करीब 24 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद बाड़ी हाईवे पर सड़क किनारे एक नाले में गिरा हुआ बैग बरामद कर लिया गया। जांच में पाया गया कि बैग में रखी नकदी, चांदी की पायजेब, सोने की बाली और मोबाइल फोन सुरक्षित थे। साइबर टीम ने बरामद बैग को सुरक्षित कब्जे में लेकर महिला शांति को सौंप दिया। महिला ने साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई और ईमानदार प्रयासों के लिए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी गुमशुदगी या साइबर संबंधित घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


