धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के पिदावली गांव में एक युवक को मामूली विवाद के बाद कट्टे से गोली मार दी गई। घायल युवक को उपचार के लिए धौलपुर के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, पिदावली निवासी घायल अतुल पुत्र धर्मेंद्र ठाकुर बुधवार शाम अपने गांव के मंदिर के पास बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और उनसे गाली-गलौज करने लगे। जब अतुल ने इसका विरोध किया, तो एक युवक ने कट्टे से उन पर फायर कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण अतुल को तुरंत जिला चिकित्सालय ले गए, जहां उनका उपचार जारी है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


