धौलपुर जिले में सर्दी का सितम लगातार जारी है। सोमवार की तरह मंगलवार को भी सुबह से बादल छाए हुए हैं। लगातार बढ़ी गलन की वजह से सरसों की फसल का तना गलन की कगार पर है। जिससे सरसों के साथ आलू की फसल में नुकसान हुआ है। वहीं गेहूं और चने की फसल के लिए सर्दी वरदान साबित हो रही है। सोमवार की तरह मंगलवार को हवा चलने से लोगों की कंपकंपी छूट गई। वहीं दिन-रात में ज्यादा अंतर नहीं रहा है। दिन का तापमान 13.2 डिग्री दर्ज हुआ तो रात का 10.6 डिग्री रहा। सर्दी के चलते बाजारों में भी आवाजाही कम रही। लोग आवश्यक कार्य से ही बाहर निकलते दिखे। सर्दी की वजह से मंगलवार को भी लोग दिनभर घरों में दुबके रहे। धौलपुर जिले में लगातार चार दिनों से सूर्य देव के फिर से दर्शन नहीं हुए है। मौसम विभाग ने धौलपुर जिले में 11 जनवरी तक सर्दी बढ़ने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही जिले में येलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश की भी चेतावनी दी है। मौसम में बदलाव के चलते जिला कलेक्टर ने कक्षा एक से आठ तक के बच्चों की स्कूल की छुट्टियां 9 जनवरी तक बढ़ा दी है।


