धौलपुर में 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार:5 साल से चल रहा था फरार, अपहरण और पॉक्सो एक्ट मामले में वांछित

धौलपुर पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में पिछले पांच साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के ‘ऑपरेशन शिकंजा’ अभियान के तहत की गई। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर महिला थाना धौलपुर के थानाधिकारी निरीक्षक सहीराम यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए आरोपी को धर दबोचा। महिला थाना धौलपुर में 25 जून 2021 को एक नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पॉक्सो एक्ट के तहत जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीमों ने उसे पकड़ने के लिए सहारनपुर, दिल्ली और आगरा सहित कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने तकनीकी साधनों और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। 20 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने उसे ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में निरीक्षक सहीराम यादव, सहायक उपनिरीक्षक राजेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल कपिल शर्मा, कांस्टेबल राहुल, नरेंद्र, अमित शर्मा और कुलदीप सिंह शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *