धौलपुर में कोतवाली थाना पुलिस ने शहर के घंटाघर क्षेत्र से एक युवक को 18 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा ने बताया कि एएसआई भरतसिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। हरदेव नगर और जगन टॉकीज क्षेत्र में गश्त के दौरान वाटरवर्क्स के पास मुखबिर से सूचना मिली कि घंटाघर के पास एक व्यक्ति अवैध कारतूस लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घंटाघर के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो पुलिस वाहन को देखकर आगे बढ़ने लगा। शक के आधार पर उसे रोका गया और थाने लाया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमित कुमार (30) पुत्र जगनाथ सिंह निवासी प्रताप कॉलोनी, मुरैना (मध्यप्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की दाहिनी जेब से एक पर्स मिला, जिसमें .315 बोर के 18 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी ने मध्यप्रदेश के जिला मजिस्ट्रेट मुरैना द्वारा जारी लाइसेंस संख्या 30/2023 प्रस्तुत किया। जांच में सामने आया कि यह लाइसेंस केवल मध्यप्रदेश राज्य तक सीमित है और अन्य राज्य में कारतूस ले जाने की अनुमति नहीं है।
प्रथम दृष्टया यह मामला आर्म्स एक्ट की धारा 3/30 के तहत अपराध पाया गया। बरामद कारतूसों को विधिवत जब्त कर सील किया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। आरोपी को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया गया। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच एएसआई रामकेश को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।


