धौलपुर में यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक राहगीर की खोई हुई सोने की अंगूठी महज तीन घंटे में बरामद कर उसे वापस सौंप दी। यह अंगूठी सीसीटीवी कैमरों की मदद से मनियां कस्बे से मिली। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर की गई। शनिवार शाम विनोद कुमार जादौन पुत्र बलवीर सिंह, निवासी एबी रोड, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) ने यातायात पुलिस प्रभारी उप निरीक्षक बलविंदर सिंह को सूचना दी कि उनकी करीब एक तोला वजनी सोने की अंगूठी एक मिष्ठान भंडार के पास गिर गई है। सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी ने पुलिसकर्मियों की एक टीम गठित की। टीम ने अभय कमांड सेंटर और जोधपुर मिष्ठान भंडार के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक बाइक सवार व्यक्ति दुकान के सामने नीचे झुककर कुछ उठाते हुए दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर उस व्यक्ति की पहचान मनियां कस्बे के निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मनियां पहुंची और संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया। पुलिस द्वारा जानकारी देने पर उस व्यक्ति ने अंगूठी मिलने की पुष्टि की और तुरंत पुलिस को सौंप दी। इसके पश्चात पुलिस ने विनोद कुमार जादौन को उनकी खोई हुई सोने की अंगूठी सकुशल वापस कर दी। इस पूरी कार्रवाई में यातायात पुलिस के कांस्टेबल अशोक कुमार (940) और देवेंद्र (541) की विशेष भूमिका रही।


