धौलपुर में 53 टीमों ने 422 जगहों पर दी दबिश:एरिया डॉमीनेशन अभियान में 133 लोगों के खिलाफ कार्रवाई को दिया अंजाम

धौलपुर में पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष एरिया डॉमीनेशन अभियान चलाया। यह अभियान रविवार अलसुबह से दोपहर तक चलाया गया। अभियान के तहत एएसपी अधीक्षक वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों में विशेष टीमें गठित की गईं। लगभग 200 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 53 टीमों ने 422 स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान कुल 133 व्यक्तियों के खिलाफ गिरफ्तारी या इंसदादी (निवारक) कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में 3 जघन्य प्रकरणों और 2 सामान्य प्रकरणों में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 14 स्थायी वारंटी और उद्घोषित अपराधियों को भी पकड़ा गया। 170 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत 106 व्यक्तियों पर निवारक कार्रवाई की गई।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए इस अभियान में एक आरोपी को 52 पव्वे देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, थाना सदर धौलपुर पुलिस ने अवैध खनन के एक मामले में 8 टन अवैध पत्थर जब्त किया। अभियान के दौरान हिस्ट्रीशीटरों और आर्म्स एक्ट के अभ्यस्त अपराधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी गई। पुलिस टीमों ने जिले के 127 हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों पर औचक छापेमारी कर उनकी गतिविधियों की जांच की, जिसमें से 13 के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार आर्म्स एक्ट के 442 अभ्यस्त अपराधियों की भी जांच की गई। इनमें से 86 के विरुद्ध कार्रवाई की गई और 2 आरोपियों को वारंट पर गिरफ्तार किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *