धौलपुर मेडिकल कॉलेज के सफाई कर्मियों ने किया प्रदर्शन:वेतन वृद्धि और बकाया भुगतान की मांग, केवल 6,400 रुपए मिल रहा वेतन

धौलपुर मेडिकल कॉलेज के सफाई कर्मियों ने वेतन वृद्धि और लंबित एरियर भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया अेर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। कर्मियों का कहना है कि उन्हें वर्तमान में केवल 6,400 रुपए मासिक वेतन मिल रहा है, जिससे परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। ज्ञापन में बताया गया है कि भरतपुर जिला प्रशासन और जयपुर मुख्यालय के आदेशों के अनुसार सफाई कर्मियों के वेतन में वृद्धि कर एरियर का भुगतान किया जाना प्रस्तावित है। हालांकि, धौलपुर मेडिकल कॉलेज में अब तक न तो वेतन वृद्धि लागू की गई है और न ही बकाया राशि का भुगतान किया गया है। कर्मियों ने तीन माह का वेतन भी रोके जाने का आरोप लगाया है। सफाई कर्मियों ने बताया कि करौली, भरतपुर और जयपुर में समान पद पर कार्यरत सफाई कर्मियों को 13,150 रुपए मासिक वेतन दिया जा रहा है। इसके विपरीत धौलपुर में उन्हें इसका लगभग आधा वेतन ही मिल रहा है, जिसे उन्होंने अन्यायपूर्ण बताया। कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया है कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा उन्हें पद से हटाने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से वेतन वृद्धि, बकाया एरियर भुगतान और रोकी गई सैलरी तुरंत जारी करने की मांग की गई है। सफाई कर्मियों ने जिला कलेक्टर से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *