दुनियाभर में आई अस्थिरता के बाद कीमती धातुओं की कीमत में बदलाव का सिलसिला शुरू हो गया है। यही कारण है कि नए साल के मौके पर सोने और चांदी की कीमत में तेजी हुई है। जिसके बाद राजस्थान में 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत 500 रुपए बढ़कर कर जहां 78 हजार 800 रुपए पर पहुंच गई है। वहीं चांदी प्रति किलो की कीमत बढ़कर 88 हजार 600 रुपए पर आ गई है। जयपुर के सर्राफा व्यापारी राज सोनी ने बताया कि दुनियाभर में हो रहे बदलाव की वजह से सोने और चांदी की कीमत में भी लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में आने वाले एक सप्ताह में स्टैंडर्ड सोने की कीमत में जहां तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं चांदी प्रति किलो की कीमत 85 हजार रुपए तक भी पहुंच सकती है। जयपुर सर्राफा कमेटी की और से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 78 हजार 800 रुपए पर आ गई है। 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 73 हजार 600 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 60 हजार 600 रुपए प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 47 हजार 300 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत 88 हजार 600 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। 1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉल मार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से 6 डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉल मार्क कोड होगा। इसे हॉल मार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है। 2. कीमत क्रॉस चेक करें सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है। 24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्यों कि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है। कैरेट के हिसाब से ऐसे चेक करें कीमत: मान लीजिए 24 कैरेट सोने का दाम 60 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है। यानी एक ग्राम सोने की कीमत हुई 6000 रुपए। ऐसे में 1 कैरेट शुद्धता वाले 1 ग्राम सोने की कीमत हुई 6000/24 यानी 250 रुपए। अब मान लीजिए आपकी ज्वेलरी 18 कैरेट शुद्ध सोने से बनी है तो 18×250 यानी इसकी कीमत 4,500 रुपए प्रति ग्राम हुई। अब आपकी ज्वेलरी जितने भी ग्राम की है उसमें 4,500 रुपए का गुणा करके सोने की सही कीमत निकाली जा सकती है।


