नए साल का पहला दिन भगवान के दर्शन के साथ शुरू करने के लिए सिद्धपीठ घाटा मेहंदीपुर बालाजी धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा है। यहां स्वयंभू बालाजी दरबार के दर्शनों के लिए देशभर से बड़ी तादात में दर्शनार्थी पहुंचे हैं। जिसके चलते मंदिर परिसर समेत कस्बे की सड़कों पर श्रद्धालुओं का जमघट लगा हुआ है। नए साल के पहले दिन बुधवार अलसुबह मंदिर के महंत डॉ नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में बालाजी महाराज का पंचामृत अभिषेक कर सोने का चोला चढाकर बालरूप झांकी सजाई गई। मंदिर के गर्भगृह को आकर्षक फूलों से सजाकर छप्पनभोग की मनमोहक झांकी सजाई। जिसके बाद महंत ने महाआरती कर भगवान को विशेष प्रसादी का भोग लगाया। यहां बालाजी महाराज के दर्शनों के लिए श्रद्धालु कडाके की ठंड के बीच देर रात को ही कतार में लग गए और मंदिर के सामने जुट गए। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश कर जयकारे लगाते हुए बालाजी दरबार के दर्शन किए। साथ ही लड्डू का भोग लगाकर साल 2025 के सुखमय व्यतीत होने की कामना की। श्रद्धालुओं ने भैरवबाबा, प्रेतराज सरकार, सीताराम दरबार, राधा-कृष्ण व समाधी वाले बाबा के दर्शन किए। जहां भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर का पूरा परिक्षेत्र खचाखभ भरा रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के साथ सुरक्षा गार्डों को कडी मशक्कत करनी पडी। मंदिर प्रबंधन द्वारा व्यवस्थाओं के बंदोबस्त किए गए।


