लुधियाना| म्युनिसिपल इंप्लाइ संघर्ष समिति ने नए साल के जश्न के उपलक्ष्य में सुखमनी साहिब पाठ का आयोजन किया। इसमें नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गुरु ग्रंथ साहिब जी की पूजा की और समाज की भलाई के लिए प्रार्थना की। यह आयोजन वीरवार को माता रानी चौक के पास जोन-ए कार्यालय में किया गया। समिति के चेयरमैन अश्वनी सहोता और प्रेसीडेंट जसदेव सिंह सेखों ने बताया कि यह आयोजन हर साल नए साल की शुरुआत पर किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज की भलाई के लिए प्रार्थना करना है। कार्यक्रम में लंगर भी परोसा गया। इस दौरान, संघ के सदस्यों ने अपनी प्रमुख मांगों पर प्रकाश डाला, जिसमें कर्मचारियों को नियमित करना और आउटसोर्स कर्मचारियों को डीसी रेट पर नियोजित करना शामिल था। विधायकों ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इन मांगों से अवगत है और आगामी समय में इन्हें पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक मदन लाल बग्गा, विधायक अशोक पराशर पप्पी, विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू और नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।


