नए साल में नागौरवासियों की राह आसान होगी:8 साल बाद पूरा होने जा रहा बीकानेर फाटक ओवरब्रिज, जनवरी में सुचारू होगा यातायात

नागौर शहर की सबसे बड़ी समस्या अब दूर होने जा रही है। नए साल 2025 में बीकानेर फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का काम पूरा हो जाएगा। एनएचएआई के अधिकारियों की मानें तो जनवरी के दूसरे पखवाड़े में इस पुलिया पर यातायात शुरू होने की संभावना है। बीकानेर फाटक पर पुलिया का काम 2017 में शुरू हुआ था। बार-बार ठेकेदार और काम लटकता रहा। इस बार फरवरी 2023 में एनएचएआई ने अंतिम बार ठेकेदार बदला तो काम में भी तेजी आई। अब नए साल शहर की सबसे बड़ी समस्या दूर होती नजर आ रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एक्सईएन दीपक परिहार ने बताया कि आरओबी का काम अब अंतिम चरण में है। ओवरब्रिज पर लाइटें लगाने का काम चल रहा है। पुलिया के नीचे दोनों तरफ सर्विस रोड का काम भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। आगामी 16 जनवरी तक काम पूरा होने की उम्मीद है। पुलिया पर डामर बिछाने का काम अंतिम चरण में है। पुलिया के दोनों छोर पर 10 जनवरी से फाइनल काम शुरू होगा। बीकानेर फाटक पर निर्माणाधीन पुलिया की वजह से लोग काफी परेशान हो रहे थे। आपको बता दें कि नागौर शहर में बीकानेर रोड पर कृषि उपज मंडी, कोतवाली पुलिस थाना, टाउन हॉल, सरस डेयरी, शिक्षा विभाग, महिला व बाल विकास विभाग, सीएमएचओ ऑफिस, परिवहन विभाग, जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, एग्रीकल्चर कॉलेज, जलदाय प्रोजेक्ट, हाउसिंग बोर्ड, वन संरक्षण समेत जनहित से जुड़े करीब 2 दर्जन विभागों के कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में नागौर शहरवासियों को रोजमर्रा के काम करने के लिए बहुत परेशान होना पड़ता है। बीकानेर फाटक पर ओवरब्रिज बनने के चलते काफी समय से बीकानेर फाटक भी बंद था। हालांकि 3 महीने पहले नागौर के बाशिंदों ने आंदोलन किया और बीकानेर फाटक खुलवाने में सफलता हासिल की। अब पुलिया का काम पूरा होने के बाद शहरवासियों को काफी सहूलियत होगी। अजीबोगरीब डिजाइन से बन रहा ओवर ब्रिज 2018 के दिसंबर माह में पूरा होना था। लेकिन कभी सरकार बदली तो कभी ठेकेदार और कभी गुणवत्ता की कमी की वजह से पुलिया अभी भी निर्माणाधीन है। एक्सईएन दीपक परिहार ने बताया कि रेलवे क्राॅसिंग पर सी-61 पर ओवर ब्रिज निर्माणाधीन है। 7 जून 2017 से शुरु हुआ काम काफी लेट हो गया है, लेकिन अब ये जनवरी 2025 में पूरा कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *