नकली पिस्टल लेकर पेट्रोल पंप में लूट करने वाले गिरफ्तार:दोनों नाबालिग, दुर्ग में पेट्रोल डलाने के बहाने की थी लूट; दो आरोपी अब भी फरार

दुर्ग जिले के नंदिनी थाना अंतर्गत बोथरा पेट्रोल पंप में नकली पिस्टल की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपियों को नंदिनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि पंप के मैनेजर छत्रपाल साहू ने नंदिनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीते 19-20 दिसंबर की दरम्यानी रात बोथरा पेट्रोल पंप में चार अज्ञात लड़कों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। चारों लड़के देर रात अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। उन्होंने पेट्रोल पंप बंद होने के बावजूद वहां का ऑफिस खुलवाया उसके बाद नकली पिस्टल और चाकू की नोक पर पंप के कर्मचारियों से मारपीट की। इसके बाद ऑफिस में रखे 28000 रुपए और मोबाइल को लूटा और भाग गए। नंदिनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पंप के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। विवेचना के दौरान टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पेट्रोल पंप में उपस्थित कर्मचारियों से घटना से संबंधित जानकारी इकट्ठा की। सीसीटीवी फूटेज को बारीकी से देखने पर पता चला कि पंप में चार युवक आए थे। उनके पास एक एक्टिवा काले कलर की और बाइक सिल्वर रंग की थी। सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त चारों लड़कों का फुटेज एवं गाड़ियों के संबंध में पतासाजी की गई। इस दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम कोड़िया निवासी एक नाबालिग के पास सिल्वर कलर की बाइक है। साथ ही साथ घटना के सीसीटीवी में दिखे आरोपियों से भी उसका चेहरा व हुलिया मिल रहा है। पुलिस ने तुरंत उस लड़के को थाने में पूछताछ के लिए बुलाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को करना स्वीकार किया। अन्य अपराधियों की पता तलाश की गई। इसमें एक युवक को ग्राम कोड़िया से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *