जिले में अवैध और नकली शराब के काले कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग की टीम ने मुकुंदगढ़-डूंडलोद क्षेत्र में नकली होलोग्राम और ढक्कन बनाने के गोरखधंधे के मुख्य आरोपी मोहम्मद शरीफ को आज 10 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले महीने हुई छापेमारी के बाद से ही पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। जिला आबकारी अधिकारी रियाजुद्दीन उस्मानी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद की गई प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मोहम्मद शरीफ ने कई चौंकाने वाले राज उगले हैं। आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह न केवल झुंझुनूं, बल्कि हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जैसे सीमावर्ती जिलों के इलाकों में भी नकली ढक्कन, लेबल और बोतलें सप्लाई करता था। इस खुलासे के बाद अब विभाग इस गिरोह से जुड़े अन्य गुर्गों और खरीददारों की तलाश में जुट गया है। यह था पूरा मामला
20 जनवरी 2026 को आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जिला आबकारी अधिकारी रियाजुद्दीन उस्मानी के नेतृत्व में डीएसपी लक्ष्मी नारायण सैनी, नवलगढ़ सीआई यशवंत सिंह राठौड़ और अन्य अधिकारियों ने मोहम्मद शरीफ पुत्र निमाजुद्दीन के घर पर दबिश दी थी। उस समय मौके से विभाग को भारी मात्रा में अवैध सामग्री मिली थी, जिसमें शामिल थे: 10 से अधिक नामी ब्रांडों के नकली ढक्कन। हजारों की संख्या में नकली होलोग्राम। ब्रांडेड शराब की खाली बोतलें और लेबल। छापेमारी के दौरान आरोपी मोहम्मद शरीफ मौके से फरार होने में सफल रहा था, जिसके बाद विभाग ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की थीं।


