नकली सोना गिरवी रखकर 10 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार:2 साल से थी फरार, चेक बाउंस के पहले से 5 मामले लंबित

बांसवाड़ा की गढ़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोने के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने अपनी ही परिचित को झांसे में लेकर नकली गहने गिरवी रख दिए और बदले में नकद 10 लाख रुपए ले लिए थे। ठगी का मामला सामने आने के बाद से महिला फरार चल रही थी, जिसे पुलिस ने सागवाड़ा क्षेत्र में दबिश देकर पकड़ लिया। पुलिस पिछले करीब दो साल से आरोपी की तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। मेलजोल बढ़ाकर दिया भरोसा, फिर नकली जेवर रखकर ले लिए पैसे गढ़ी थानाधिकारी रमेश मीणा ने बताया – मोर गांव निवासी रेखा लबाना ने वर्ष 2024 में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार खड़गदा निवासी ममता भाटिया ने रेखा से परिचय बढ़ाया और आर्थिक परेशानी बताते हुए कुछ समय के लिए जेवर गिरवी रखने की बात कही। रेखा ने उस पर विश्वास करते हुए जेवर के बदले 10 लाख रुपए नकद दे दिए। लेकिन लंबे समय तक जब ममता गहने छुड़ाने नहीं आई और लगातार टालमटोल करने लगी तो रेखा को शक हुआ। सुनार से जांच करवाई तो नकली निकले गहने शक होने पर रेखा ने गिरवी रखे गए गहनों की सुनार से जांच करवाई। जांच में सामने आया कि सभी गहने नकली थे। इसके बाद पीड़िता ने गढ़ी थाने में ठगी का मामला दर्ज करवाया। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी महिला फरार चल रही थी और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर सागवाड़ा से दबोचा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ममता भाटिया सागवाड़ा क्षेत्र में छिपकर घूम रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सागवाड़ा में दबिश दी और महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पहले से भी दर्ज हैं कई मामले पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही चेक बाउंस के पांच मामले लंबित हैं। इनमें दो स्थाई वारंट, दो गिरफ्तारी वारंट और एक मामले में जमानती वारंट जारी था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *