डीग जिले में पुलिस ने ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत 1 शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। यह ठग खुदाई में नकली सोना मिलने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपए ठगता था।
पहाड़ी थाना पुलिस ने इस बदमाश को पकड़ा। आरोपी ने जयपुर के एक युवक को डेढ़ किलो नकली सोने का लालच देकर 10 लाख रुपए की ठगी की थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खेड़ली मन्ना निवासी शाकिर के रूप में हुई है। शाकिर ने जयपुर निवासी अजय कुमार को जेसीबी ड्राइवर बनकर फोन किया और बताया कि खुदाई के दौरान एक मंदिर के नीचे से 2 सोने की ईंटें मिली हैं। उसने अजय को लालच दिया कि इन ईंटों का वजन डेढ़ किलो है और बाजार में इनकी कीमत 20 लाख रुपए है, लेकिन वह डर के कारण इन्हें 10 लाख रुपए में बेच रहा है। इस झांसे में आकर पीड़ित अजय ने बैंक से ऋण लिया और ठगों के बुलावे पर पहाड़ी कस्बे के वीवा रोड पहुंचा। वहां आरोपियों ने उसे नकली सोने की ईंटें थमाईं और 10 लाख रुपए लेकर फरार हो गए। बाद में अजय को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित अजय कुमार ने पहाड़ी थाने में मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी शाकिर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब शाकिर से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके द्वारा की गई अन्य ठगी की वारदातों का पता लगाया जा सके।


