नक्सलियों के खिलाफ ‘फाइनल फाइट’…10 हजार जवानों ने घेरा पहाड़:44°C टेम्प्रेचर, लो-ऑक्सीजन लेवल के बावजूद 5000 फीट की चढ़ाई; 3 राज्यों का ऑपरेशन

करीब 5 हजार फीट ऊंचा पहाड़, 44 डिग्री तापमान, और लो ऑक्सीजन लेवल…ये कर्रेगट्टा के पहाड़ की स्थिति है। ये वही पहाड़ है जहां नक्सली कमांडर हिड़मा, देवा, दामोदर समेत करीब 2000 से ज्यादा नक्सलियों का डेरा है। नक्सलियों के टैक्टिकल काउंटर ऑफेंसिव कैंपेन (TCOC) के दौरान छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और तेलंगाना राज्य की फोर्स ने सबसे बड़ा संयुक्त ऑपरेशन लॉन्च किया है। इसमें 10 हजार सुरक्षाबल शामिल हैं। इस ऑपरेशन से घबराए नक्सलियों ने फिर से एक प्रेस नोट जारी किया है। लिखा है- घेराव उन्मूलन अभियान को तुरंत रोकना चाहिए। शांति वार्ता के लिए आगे आना चाहिए। हमारी पार्टी के केंद्रीय कमेटी ने भी शांति वार्ता के लिए पत्र लिखा था, लेकिन सरकार दमन और हिंसा का रास्ता अपना रही है। करीब 5 हजार जवानों का जॉइंट ऑपरेशन इस इलाके में पिछले 4 दिनों से नक्सलियों के खिलाफ 5 से 8 हजार जवानों का जॉइंट ऑपरेशन चल रहा है। अब तक रुक-रुककर हुई गोलीबारी में 6 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि, पुलिस ने 3 महिला नक्सली के शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद कर लिए हैं। इलाका इतना बड़ा है कि पिछले 3-4 दिनों से फोर्स जंगल और पहाड़ों में सिर्फ पैदल चल रही है। नक्सलियों के कोर ठिकाने तक पहुंचने में कुछ और दिन लग सकते हैं। दैनिक भास्कर की टीम भी तेलंगाना के वेंकटपुरम और फिर चेरला पहुंची। यहीं से ये पूरा ऑपरेशन कंट्रोल किया जा रहा है। नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई बस्तर के IG सुंदरराज पी. इस ऑपरेशन को नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई बता रहे हैं। वहीं सूत्रों की मानें तो करीब 200 नक्सली भी पहाड़ की चोटी पर जंग की तैयारी कर रहे हैं। असला-बारूद इकट्ठा कर रखे हैं। हालांकि, नक्सलियों के पास राशन की कमी है। उस इलाके में जिस तरह से फोर्स भेजी जा रही है, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह ऑपरेशन लगभग 15 दिनों से ज्यादा चलेगा। वहीं मुठभेड़ हुई तो नक्सलियों को भारी नुकसान होने की संभावना है। आसान नहीं किले को भेदना, ये है बड़ी चुनौती कर्रेगट्टा, कोत्तापल्ली, पुजारी कांकेर, धर्मावरम, नम्बी के ऊपरी हिस्से को नक्सलियों का अभेद किला कहा जाता है। यहां छत्तीसगढ़ और तेलंगाना स्टेट कमेटी के सैकड़ों नक्सलियों का डेरा है। यहीं से नक्सल संगठन ऑपरेट होता है। यहां मौजूद नक्सली आधुनिक हथियारों से लैस हैं। यहां की भौगोलिक स्थिति से नक्सली अच्छी तरह वाकिफ हैं, लेकिन यहां तक पहुंचना फोर्स के लिए बड़ी चुनौती है। पहली चुनौती पहाड़ के चारों तरफ नक्सलियों ने सैकड़ों बम बिछा रखे हैं। कई सीरियल IED भी प्लांट है। ऐसे में जवान बम से बचते, बम को खोजते हुए आगे बढ़ रहे हैं। करीब 44 डिग्री तापमान के बीच हथियार और राशन के साथ खड़े पहाड़ की चढ़ाई करना आसान नहीं। उधर, हाइट से नक्सलियों ने गोलियां बरसाईं तो जवानों को भी भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। पैदल चल रही फोर्स हाथों में हथियार, मैग्जीन पाउच, 5 से 6 लीटर पानी की बोतल, राशन सामान के साथ लगभग 30 से 35 किलो का सामान लादकर जवान पिछले 3-4 दिनों से सिर्फ पैदल चल रहे हैं। लगातार ऑपरेशन चलता रहा और जवान पैदल चलते रहे तो शरीर में पानी की कमी से बॉडी डिहाइड्रेट हो सकती है। पहाड़ में पानी का भी ज्यादा सोर्स नहीं है। कुछ पहाड़ी नाले हैं जिससे जवान अपने पास रखी पानी की बोतलें भर आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि, ये चुनौती अब नक्सलियों के लिए भी है। जिन बरसाती नालों से नक्सली पानी लेते थे, अधिकांश जगह फोर्स पहुंच गई है। नक्सलियों के पास भी अब एक ही ऑप्शन बचा है, नीचे मैसेज पहुंचाएं और हथियार डाल दें। तेलंगाना के वेंकटपुरम से कंट्रोल इस ऑपरेशन को छत्तीसगढ़ से लगे तेलंगाना के मुलुगु जिले के वेंकटपुरम से कंट्रोल किया जा रहा है। बस्तर के IG सुंदरराज पी भी यहीं हैं। वहीं यहां से करीब 30 से 35 किमी दूर स्थित चेरला विलेज को लॉन्च पैड बनाया गया है। यहां 3 MI-17 हेलीकॉप्टर से जवानों और रसद सामान को मौके के लिए भेजा जा रहा है। बैकअप के लिए बीजापुर में भी सेना का 2 हेलीकॉप्टर रखा गया है। सबसे नजदीक गांव है कोत्तापल्ली तेलंगाना में चेरला से करीब 30 से 35 किमी की दूरी पर कोत्तापल्ली गांव है। इसके ठीक आगे दुर्गमगट्टा और इसके बाद कर्रेगट्टा की पहाड़ी है। कोत्तापल्ली से कर्रेगट्टा महज 8 से 10 किमी ही दूर है। जबकि, छत्तीसगढ़ की तरफ पुजारी कांकेर के बाद करीब 40 से 50 किमी के दायरे में और कोई गांव नहीं है। इसलिए पुलिस फोर्स इसी इलाके से डिप्लॉय की जा रही है। ये वही इलाका है जहां से नक्सली अपनी सारी जरूरत की चीजें लाया ले जाया करते थे। यहीं से नक्सलियों के लिए राशन जाता था। बड़े लीडर्स का तेलंगाना से छत्तीसगढ़ जाने का यही प्रवेश द्वार था। लेकिन अब यहां फोर्स ने डेरा जमा लिया है। नक्सल सूत्रों कि मानें तो दोनों राज्यों के करीब 2 हजार से ज्यादा नक्सली यहां मौजूद हैं। फोर्स के पास नाइट विजन ड्रोन कैमरे उस पूरे इलाके में अलग-अलग जगह ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है। फोर्स के पास हाईटेक टेक्नोलॉजी वाले नाइट विजन ड्रोन कैमरे भी हैं। ये ड्रोन इंफ्रारेड या थर्मल कैमरों से लैस होते हैं, जो रात में देखने में मदद करते हैं। इन्फ्रारेड कैमरे उस प्रकाश को पकड़ते हैं, जो मानव आंखों के लिए अदृश्य होता है। जबकि थर्मल कैमरे गर्मी का पता लगाते हैं। ये कैमरे रात में देखने में कुछ हद तक मदद कर सकते हैं। लेकिन इनकी सीमाएं भी होती हैं। पतझड़ के मौसम में क्लियर विजिबिलिटी अभी पतझड़ का मौसम चल रहा है। जिससे जंगलों में विजिबिलिटी क्लियर हो गई है। वहीं पतझड़ के मौसम में ही नक्सलियों का TCOC महीना चलता है। लेकिन, वर्तमान में ऐसी स्थिति है कि नक्सलियों के TCOC में फोर्स नक्सलियों पर भारी पड़ गई है। TCOC के बारे में जानिए पहले मार्च से जून के पहले हफ्ते तक नक्सलियों का TCOC (टैक्टिकल काउंटर अफेंसिव कैंपेन) महीना चलता था। अब पिछले कुछ सालों से मिड फरवरी से ही इनका TCOC शुरू हो जाता है। नक्सली मूवमेंट और वारदातें शुरू हो जाती हैं। नक्सली TCOC महीने में अपने संगठन को मजबूत करते हैं। नए लड़ाकों की भर्ती करते हैं। उन्हें हथियार चलाने के साथ-साथ फोर्स पर हमला करने भी भेजते हैं। इसी TCOC में लेवी वसूली का काम भी किया जाता है। फंस गए नक्सली सूत्र बता रहे हैं कि पहाड़ में नक्सली फंस तो जरूर गए हैं, लेकिन वे भी पूरी तैयारी के साथ बैठे हैं। यहां नक्सलियों की बटालियन नंबर एक है, जिनके पास LMG, AK-47, SLR, इंसास, हैंड ग्रेनेड, BGL लॉन्चर भारी मात्रा में है। फोर्स पहाड़ियों के नीचे ही अपना बेस कैंप बनाकर 1 महीने तक रह गई, तो निश्चित है नक्सली भागने के लिए अपना रास्ता बनाने फोर्स पर हमला करेंगे। भूख से मारे जाएंगे या हथियार डालकर सरेंडर करना ऑप्शन है। ग्राफिक्स में नक्सली लीडर के बारे में जानिए 31 मार्च 2026 तक डेडलाइन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कह दिया है कि 31 मार्च 2026 तक पूरे देश भर से नक्सलियों का खात्मा कर दिया जाएगा। इसी के तहत अब फोर्स को फ्री हैंड दिया गया है। छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में फोर्स एक्शन मोड पर है। अगर इस ऑपरेशन में जवान सफल होते हैं और नक्सलियों को भारी नुकसान होता है तो ये नक्सलवाद से आजादी की अंतिम लड़ाई साबित हो सकती है। ……………………………….. नक्सलियों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर मुठभेड़..3 महिला नक्सली के शव मिले: कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर; सर्च ऑपरेशन जारी, कई हथियार मिले छत्तीसगढ़ और तेलंगाना राज्य की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। फिलहाल 3 वर्दीधारी महिला नक्सलियों के शव मिले हैं। सर्च ऑपरेशन जारी है। मौके से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री भी मिली है। DRG, कोबरा, STF, CRPF और बस्तर फाइटर की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही है। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *