छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने धारदार हथियार से एक युवक की हत्या कर दी है। उस पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाया है। बीजापुर में नक्सलियों ने 15 दिनों में मुखबिरी के शक में 6 लोगों को मार डाला। इससे पहले 3 ग्रामीण और 2 छात्रों की नक्सलियों ने जान ली थी। जबकि पिछले 25 साल में 1821 लोगों का मर्डर किया गया है। दरअसल, युवक उसूर थाना क्षेत्र के पेरमपल्ली का रहने वाला था। उसका नाम अभी सामने नहीं आया है। सूत्र बताते हैं कि, 1 जुलाई को भारी संख्या में नक्सली गांव पहुंचे थे। जिन्होंने युवक को घर से बाहर निकाला। पहले उसकी पिटाई की, फिर पुलिस की मुखबिरी के शक में उसे मार डाला। हत्या के बाद शव गांव में ही फेंक दिए। वारदात के बाद सभी नक्सली जंगल की तरफ लौट गए। 17 जून को 3 लोगों की हुई थी हत्या इससे पहले, 17 जून 2025 को नक्सलियों ने बीजापुर जिले के एक गांव में 3 ग्रामीणों की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इनमें एक 13 साल का 7वीं और दूसरा 20 साल का कॉलेज का छात्र और तीसरा ग्रामीण युवक शामिल है। पूरा मामला पेद्दाकोरमा गांव का है। नक्सली गांव के 10 से ज्यादा लड़कों को बंधक बनाकर अपने साथ लेकर गए। हालांकि, उनकी बेदम पिटाई करने के बाद उन्हें छोड़ दिया। पुलिस के एक्शन से बौखलाए नक्सली अब स्कूल और कॉलेज के बच्चों का कत्ल कर रहे हैं। सरेंडर नक्सली के रिश्तेदारों की हत्या दरअसल, ये सभी ग्रामीण DVCM कैडर के सरेंडर नक्सली दिनेश मोड़ियम के रिश्तेदार हैं। नक्सलियों ने आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने उसे सरेंडर करने के लिए उकसाया, उससे पैसे लिए। इसी वजह से इनकी हत्या कर मौत की सजा दे दी। 22 जून को भी 2 लोगों को मार डाला इसके बाद बीजापुर जिले में 22 जून को नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक पर समैय्या और वेको देवा की हत्या की थी। समैय्या पहले नक्सली था। उसने 2025 में आत्मसमर्पण किया है। वहीं वेको देवा ग्रामीण है। दोनों नक्सल प्रभावित गांव सेंड्राबोर और एमपुर के रहने वाले थे। मामला पामेड़ थाना क्षेत्र का है। 25 सालों में 1821 लोगों की हत्या बता दें कि, नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से लेकर अब तक यानी पिछले 25 सालों में बस्तर के अलग-अलग जिलों में कुल 1821 लोगों की हत्या की है। इनमें आम नागरिक समेत जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा हत्या बीजापुर जिले में ही हुई है। …………………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… नक्सलियों ने 2 ग्रामीणों को किडनैप कर मार डाला: इनमें एक सरेंडर नक्सली भी, कहा-पुलिस के मुखबिर थे; बीजापुर में 7 दिन में 5 हत्याएं छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने शनिवार देर रात 2 ग्रामीणों की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि इनमें एक सरेंडर नक्सली भी शामिल है। नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक पर इनकी जान ली है। मामला पामेड़ थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…