छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में नगरपालिका की पूर्व अध्यक्ष अंजु जैन का रायपुर के एक निजी अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे वर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन की पत्नी थीं। मात्र दो दिन पहले ही उनके पति अशोक जैन के नगरपालिका अध्यक्ष बनने की खुशी में नगर में भव्य विजय जुलूस निकाला गया था। नगरपालिका चुनाव से पहले ही अंजु जैन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कल उनकी स्थिति और गंभीर हो गई और देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर बलौदाबाजार लाया जाएगा। दोपहर एक बजे उनके घर से अंतिम यात्रा निकलेगी और रायपुर रोड स्थित मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया जाएगा। बलौदाबाजार के विधायक और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अंजु जैन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अंजु जैन बेहद मिलनसार स्वभाव की थीं और हमेशा जनहित के कार्यों में अग्रणी रहती थीं। उनका जाना नगर के लिए अपूरणीय क्षति है।


