गढ़वा | शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने समाहरणालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक ने जिले में हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं के शीघ्र उद्भेदन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लाउडस्पीकर व डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराने और प्रत्येक सोमवार को थाना स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों का परफॉर्मेंस ऑडिट करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त नगर निगम चुनाव को भयमुक्त व निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए सतर्कता बरतने को कहा गया। पॉक्सो एवं एससी/एसटी एक्ट से संबंधित लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा प्रस्ताव समय पर भेजने, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, सड़क सुरक्षा के तहत ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर दुर्घटनाओं में कमी लाने, कैदियों के फिंगरप्रिंट की प्रविष्टि सुनिश्चित करने, विगत माह में दर्ज कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।


