नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट एसपी ने किया थानों और चेकपोस्ट का निरीक्षण

भास्कर न्यूज | सरायकेला नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने कपाली ओपी, आदित्यपुर थाना एवं आरआईटी थाना के पदाधिकारियों के साथ संबंधित थानों में बैठक कर चुनाव के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने व संवेदनशील मतदान केंद्रों की विशेष निगरानी करने को कहा। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में भ्रमण कर विभिन्न मतदान केंद्रों एवं अंतरराज्यीय मार्गों पर बनाए गए चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। चेकपोस्ट पर तैनात स्टेटिक फोर्स के जवानों से मुलाकात कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। एसपी ने बताया कि जिले को पश्चिम बंगाल व अन्य राज्यों से जोड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर चेकपोस्ट स्थापित कर दिए गए हैं, जहां स्टेटिक फोर्स की तैनाती की गई है। आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि अवैध धन, शराब या अन्य प्रलोभन सामग्री की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किसी भी उम्मीदवार या उनके समर्थकों द्वारा मतदाताओं को प्रलोभन देकर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग करने की अपील की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *