रांची| झारखंड चैंबर की वर्तमान सत्र की छठी कार्यकारिणी समिति की बैठक चैंबर भवन में शुक्रवार को अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उद्योग, अधोसंरचना और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की गई। अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं की स्किलिंग उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप होनी चाहिए। इस दिशा में चैंबर द्वारा एक्सआईएसएस और झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम के साथ एमओयू किया गया है। 26 मार्च से 6 अप्रैल तक मोरहाबादी मैदान में इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर आयोजित करने की भी जानकारी दी गई। बैठक में देवीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में भूमि पजेशन में देरी, प्लास्टिक पार्क हैंडओवर आदि पर भी चर्चा हुई। रांची नगर निगम द्वारा जी प्लस टू भवनों की समीक्षा की बात पर सदस्यों ने आपत्ति जताई। अंचल कार्यालयों में व्याप्त अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि लोगों को रसीद कटाने के लिए अनावश्यक परेशान होना पड़ रहा है। रांची मास्टर प्लान की समीक्षा के साथ ही बाजारटांड़ की दुकानों के किराया विवाद के जल्द समाधान पर भी चर्चा की गई। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि नगर निगम की बोर्ड में झारखंड चैंबर के सदस्यों का प्रतिनिधित्व हो। बैठक के दौरान परमिट रिन्युअल की समस्या पर भी चर्चा की गई। बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग व रोहित पोद्दार और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


