नड्‌डा बोले- महतारी वंदन योजना बंद नहीं होगी:साय सरकार का एक साल पूरा होने पर भाजपा ने मनाया जनादेश परब

छत्तीसगढ़ में साय सरकार के एक साल पूरे हाेने पर शुक्रवार को रायपुर में जनादेश परब का आयोजन किया गया। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर हमला बोला, साथ ही डबल इंजन की सरकार के फायदे भी बताए। नड्डा ने कहा कि महतारी वंदन योजना के नाम पर कांग्रेस लोगों को बरगलाने का काम कर रही है, लेकिन महतारी वंदन योजना चलती रहेगी पर कांग्रेस का खोटा सिक्का नहीं चलेगा। कांग्रेस परजीवी पार्टी है उससे जो भी चिपकता है वह पूरी तरह खत्म हो जाता है। नड्डा ने कहा कि भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में हम छत्तीसगढ़ के सरगुजा से नक्सलवाद को खत्म कर चुके हैं और अब बस्तर से इसे समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ चले हैं। उन्होंने कहा कि आपने किस पार्टी और किन नेताओं को सेवाओं का मौका दिया, उन्होंने आपके लिए क्या किया? इसका आप लोग खुद ही मूल्यांकन कीजिए। प्रकाश का मजा तभी आता है जब अंधकार की त्रासदी तुम पहचानते हो। जब तक अंधकार को नहीं जानोगे तब तक उजाले का मजा नहीं आएगा। वहीं, केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने कार्यक्रम में 1124 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साइंस कॉलेज मैदान में विकास कार्यों का लोकार्पण करते जेपी नड्डा, सीएम साय व स्पीकर डॉ. रमन। इस साल इंफ्रास्ट्रक्चर, अगले तीन साल ऐसी ही थीम पर काम: सीएम
इस मौके पर सीएम साय ने कहा कि आने वाले वर्ष में छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष को अटल निर्माण वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की। अटलजी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश में सड़कों का जाल बिछाया। उसी से प्रेरणा लेकर अपने रजत जयंती वर्ष में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता में रखेंगे। अगले 3 भी साल अलग-अलग थीम पर काम करेंगे। हर साल 3-13 दिसंबर तक जनादेश दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष महतारी योजना को बंद करने का भ्रम फैला रही है। जब तक बीजेपी की सरकार है, महतारी वंदन योजना को बंद करने वाला कोई माई का लाल पैदा नहीं हो सकता। योजना से 70 लाख से ज्यादा माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपए खाते में भेजने का काम हम कर रहे हैं। निकाय और पंचायत चुनाव के पहले भाजपा का शक्ति-प्रदर्शन दरअसल, छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। आरक्षण के लिए तारीखों की घोषणा कर दी गई है। विधानसभा सत्र खत्म होने के साथ ही आचार संहिता लग जाएगी। पिछली बार स्थानीय चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा है। सभी 14 नगर निगमों में उसे हार झेलनी पड़ी थी। इसके अलावा नगर पालिका और नगर पंचायतों में भी अधिकांश में कांग्रेस का कब्जा है। इसे ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को चार्ज करने तथा निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए भी यह जश्न मनाया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस आयोजन के जरिए भाजपा ने प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं की नसीहत दी है कि उजाले को संभालकर रखें वरना अंधेरे को आने में देर नहीं लगेगी। ऐसा कहकर उन्होंने नेताओं को आगामी निकाय और पंचायत चुनाव के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *