नदारद नेत्र सहायक को नोटिस कार्यकर्ता का वेतन रोकने निर्देश

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने शनिवार सुबह 10.50 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लापरवाही और अनुशासनहीनता देखने को मिली, जिस पर डॉक्टर शुक्ला ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल का स्टाफ अपनी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाह नजर आया। नेत्र सहायक अधिकारी लक्ष्मण ड्यूटी से नदारद मिले, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर आशा कार्यकर्ता लोकनाथ सिंह का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। कई कर्मचारियों ने उपस्थिति रजिस्टर में साइन ही नहीं किए थे, उन्हें भी नोटिस थमाया गया है। डॉ. शुक्ला जब दवा वितरण केंद्र पहुंचे, तो वहां दवाओं का रख-रखाव अस्त-व्यस्त मिला और वितरण रजिस्टर भी अधूरा था। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि रिकॉर्ड व्यवस्थित न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, अस्पताल के प्रसव कक्ष और परिसर में गंदगी देख संयुक्त संचालक ने प्रभारी को फटकार लगाई और तुरंत सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संयुक्त संचालक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण में यदि सुधार नहीं मिला, तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि समय पर ड्यूटी पर आएं। मरीजों के साथ शालीन व्यवहार करें। प्रसव और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की मासिक रिपोर्ट नियमित रूप से जमा करें। अस्पताल में जरूरी सूचनात्मक पोस्टर लगाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *