नन्हे सितारे प्रतियोगिता में करिश्मा अव्वल, फरिश्ता ने भी मान बढ़ाया

भास्कर न्यूज | राजिम जिला स्तरीय “नन्हे सितारे” प्रतियोगिता में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा की छात्राओं ने अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। समग्र शिक्षा गरियाबंद एवं ओपन लिंक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 18 फरवरी को पीएम श्री आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय नन्हे सितारे प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। यह आयोजन दो वर्गों कक्षा 4-5 तथा कक्षा 6-8 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया। “नन्हे सितारे” जैसा सशक्त मंच टीम विनोबा द्वारा बच्चों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। प्रतियोगिता में कहानी लेखन, वाचन, कविता पाठ और स्पोकन इंग्लिश जैसी विधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास का मूल्यांकन किया गया। इसी क्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा की कक्षा आठवीं की छात्रा करिश्मा साहू ने कविता पाठ में ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण प्रस्तुति देकर जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी प्रभावशाली आवाज, स्पष्ट उच्चारण और भावाभिव्यक्ति ने निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं फरिश्ता तारक ने कथा वाचन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में कक्षा छठवीं के छात्र आकाश यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधान पाठक किशोर निर्मलकर, शिक्षिकाएं चंद्ररेखा साहू, दीप्ति मिश्रा, पिंकी पटेल सहित ग्राम के सरपंच बलराम साहू, जागेश्वर साहू, खेमिन साहू, झड़ी साहू, टहल तारक, पारखदास साहू, ईश्वरी साहू एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन टीम विनोबा के शुभम पटेल एवं नरेंद्र साहू द्वारा प्रभावी और आकर्षक ढंग से किया गया। करिश्मा और फरिश्ता की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को टीम विनोबा, डीएमसी शिवेश शुक्ला, सांख्यिकी अधिकारी श्याम चंद्राकर, थॉमस विल्सन एवं अन्य जिला अधिकारियों द्वारा ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन स्थल पर बच्चों, पालकों एवं शिक्षकों के लिए नाश्ता एवं भोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था भी की गई, जिसकी सभी ने सराहना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *