पलामू के जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में बुधवार को बदमाशों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने घर में घुसकर नमिता देवी हत्याकांड के आरोपी सद्दाम हुसैन पर गोली चलाई। गोली सद्दाम हुसैन के बाएं कंधे में लगी है। जख्मी हालत में उसे लेकर लोग मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज गए। बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर ने वहां से रेफर कर दिया। श्री नारायण मल्टी स्पेशलियल्टी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वारदात को सुबह 9 बजे के करीब अंजाम दिया गया। मुस्लिम नगर स्थित अपने घर में सद्दाम कुरैशी बच्चे को गोद में लिए हुए था। तभी घर के बाहर एक अपाची बाइक रुकी। दो अपराधी हेलमेट पहने हुए उतरे। घर के अंदर जाकर उन्होंने सद्दाम को लक्ष्य कर गोली चला दिया। गोली मारने के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। इधर, सद्दाम की पत्नी ने बताया कि मिंटू रंगसाज और साबिर रंगसाज ने उसके पति को गोली मारा है। मिंटू और साबिर ने रांची में कुख्यात अपराधी छोटू रंगसाज का मर्डर किया था। सद्दाम कुरैशी फरवरी माह में शहर के सद्दीक मंजिल चौक पर दिनदहाड़े हुए नमिता देवी के मर्डर में शामिल था। घटना की जानकारी मिलने के बाद टाउन थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार, टीओपी एक के प्रभारी सरस कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए हैं।