सोनहत | ब्लॉक मुख्यालय के महादेव चौक और हार्टमेंट कॉलोनी में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार को धूमधाम से किया गया। इस दौरान श्रद्धालु नगाड़ों की धुन पर झूमते और नाचते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचे। विसर्जन से पहले महादेव चौक से एक भव्य झांकी निकाली गई, जो महामाया मंदिर तक घूमते हुए साहू पारा स्थित तालाब तक पहुंची। इस विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, ग्रामीण महिलाएं और बच्चे शामिल थे। सभी ने मिलकर भक्तिभाव के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए और भगवान गणेश को विदा किया।


