नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय, 28 को बूंदाबांदी के आसार

जिले में आए दिन मौसम अपना रूप बदल रहा है। प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ ही सर्दी व गलन का प्रकोप तेज हो रहा है। भले ही न्यूनतम पारा 12 डिग्री चल रहा है, लेकिन तेज कोहरे व ओस से गलन बढ़ गई है। दिनभर शीतलहर जैसी सर्द हवाएं चल रही हैं। दोपहर में भी इससे राहत नहीं मिल रही। शाम 4 बजे से ही गलन बढ़ रही है। सुबह तो घरों के बाहर खड़े वाहनों पर बर्फ जैसी परत जमने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम बारिश होने के आसार भी हैं। कुछ जगहों पर गुरुवार से शनिवार के बीच बूंदाबांदी हो सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर 28 दिसंबर को रहने की आशंका है। विभाग के अनुसार 29 दिसंबर से मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने व तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार बूंदी में गुरुवार व शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान सुबह व रात को कोहरा छाया रहेगा। इससे विजिबिलिटी काफी कम रहेगी। मौसम विभाग ने बूंदी समेत 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, क्योंकि 26 दिसंबर से दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिले में येलो अलर्ट का असर दिखाई देगा और सर्दी तेज होगी। जिले में 16, 17 और 18 दिसंबर को न्यूनतम पारा 6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। तब ऐसा लगने लगा था कि हाड़ कंपाने वाली सर्दी रहेगी। लेकिन, मौसम ने फिर अपना रूप बदला। तीन दिन बाद 19 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 से बढ़कर 11 डिग्री हो गया। यानी अचानक तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई। 20, 21 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा। 22 को एक डिग्री बढ़कर 9 हो गया। लेकिन, फिर मौसम बदला और 23 दिसंबर को न्यूनतम पारा 9 से बढ़कर 13 डिग्री हो गया। यानी 4 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी हुई। 24 व 25 दिसंबर को रात का पारा 12 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आने वाला रविवार सबसे सर्द रहने के आसार हैं, क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार इस दिन रात का पारा 7 डिग्री तक हो सकता है। ^वैसे तो इस मौसम में फसलों को नुकसान नहीं होगा। फिर भी सब्जियों की फसलों के लिए किसानों को पहले से बंदोबस्त करना चाहिए। इन फसलों को ढंककर रखें। – महेशकुमार शर्मा, ज्वाइंट डायरेक्टर, कृषि विस्तार, विभाग कार्यालय

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *