नए साल के पहले ही दिन भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी ने जिला उद्योग केंद्र कार्यालय में कार्यरत यूडीसी सूर्य प्रकाश नामा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सब्सिडी डालने की एवज में मांगी थी रिश्वत एसीबी सवाई माधोपुर के एएसपी ज्ञान सिंह चौधरी ने बताया कि आरोपी यूडीसी ने अंबेडकर प्रोत्साहन योजना के तहत उपभोक्ता के खाते में डाली जाने वाली सब्सिडी राशि जारी करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। आरोपी द्वारा 25 हजार रुपये की मांग किए जाने पर पीड़ित उपभोक्ता ने एसीबी कार्यालय में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के बाद एसीबी टीम की ओर से मामले का सत्यापन किया गया, जिसमें शिकायतकर्ता की शिकायत सही पाई गई। जिसके बाद एसीबी टीम ने ने ट्रैप की कार्रवाई के लिए जाल बिछाया और आज उपभोक्ता से आरोपी यूडीसी को उसके कार्यालय में 25 हजार रुपये दिलवाए। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा जिला उद्योग केंद्र कार्यालय से जुड़े अन्य सरकारी दस्तावेजों की भी गहन छानबीन की जा रही है। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है।


