नरसिंहपुर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सारिका दुबे ने बुधवार को मोबाइल लैब के साथ सुभाष पार्क स्थित चौपाटी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने खाने-पीने की विभिन्न दुकानों की जांच की और मौके पर ही नमूनों का परीक्षण कर विक्रेताओं को स्वच्छता रखने के निर्देश दिए। मौके पर ही हुई सेंपल की जांच निरीक्षण के दौरान चाट भंडार, डोसा सेंटर, मोमोज और डेयरी उत्पादों की दुकानों पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने पनीर, खोवा, दूध-दही, इमली की चटनी, लाल मिर्च पाउडर और फुलकी (पानीपुरी) के पानी सहित कुल 20 अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन नमूनों की शुद्धता और गुणवत्ता की जांच चलित प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर ही की गई। विक्रेताओं को दिए स्वच्छता के निर्देश खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य सामग्री को हमेशा ढंककर रखें और केवल गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही विक्रय करें। उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण (स्टोरेज) पर विशेष जोर दिया। विक्रेताओं को हिदायत दी गई कि वे उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ न करें। लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई अधिकारी ने मौके पर मौजूद विक्रेताओं को सचेत किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का पालन करना अनिवार्य है। यदि जांच में मिलावट पाई जाती है या स्वच्छता मानकों का उल्लंघन होता है, तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


